रबी फसलों के लिए अभी भी जारी है बीजों की बुकिंग, किसान शीघ्र करें ऑनलाइन बुकिंग

जनपद बांदा।

जिला कृषि अधिकारी, बांदा संजय कुमार ने बताया है कि आगामी रबी सीजन हेतु फसलों की बुवाई के लिए 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज प्राप्त कर लें तथा मिनीकिट के रूप में बीज प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग कृषि विभाग के पोर्टल के माध्यम से जारी है। इच्छुक किसान कृषि विभाग की वेबसाइट agriculture.up.gov.in पर स्वयं बुकिंग कर सकते हैं। यदि बुकिंग में कोई परेशानी समझा आती है तो अपने विकास खण्ड में स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार में जाकर इसके बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अवगत कराना है कि रबी सत्र 2026-27 में राजकीय कृषि बीज भंडारों से अनुदान पर तथा मिनीकिट के रूप में बीज प्राप्त करने के लिए किसान तोरिया एवं सरसों के लिये 02 जुलाई से 16 अगस्त, चना, मटर एवं मसूर तथा तिलहनी फसलों में राई, सरसों एवं अलसी के लिए 10 जुलाई से 10 सितम्बर एवं गेंहू तथा जौ बीज के लिए 10 जुलाई से 30 सितम्बर 2026 तक बुकिंग कर सकते हैं। तोरिया के लिए लॉटरी के माध्यम से 17 अगस्त 2026, दलहनी एवं तिलहनी फसलों के लिए 11 सितम्बर 2026 तथा गेंहू एवं जौ के लिए 01 अक्टूबर 2026 तक ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जायेगा। किसान भाई समय से बुकिंग कर योजना का लाभ उठा सकते हैं। किसान भाईयों से अनुरोध है कि तोरिया की बुकिंग हेतु कुछ दिन ही शेष है, अतः इच्छुक कृषक इसकी बुकिंग समय से अवश्य कर लें।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट