जनपद एवं सत्र न्यायाधीश अल्पना की सेवानिवृत्ति पर सभी ने दी भावभीनी विदाई

जनपद बांदा।

जनपद न्यायालय, बाँदा के कॉन्फ्रेंस हॉल में शनिवार दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को जनपद एवं सत्र न्यायाधीश अल्पना के सेवानिवृत्ति अवसर पर एक गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायालय के समस्त कर्मचारीगण ने सहभागिता करते हुए जनपद न्यायाधीश रही अल्पना को पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश अजय कुमार, चन्द्रपाल, विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, प्रवीण कुमार, प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, संजय सिंह, विशेष न्यायाधीश, ईसी एक्ट, श्रीपाल सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/एफटीसी सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रमोद श्रीवास्तव, रीडर मिथिलेश, मोतीलाल, आर.के., रोआब आलम, पूर्व महामंत्री, उत्तर प्रदेश दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ, शिवम आर्या, प्रशासनिक सहायक, प्रेमबाबू, केंद्रीय नाजिर, सौमित्र श्रीवास्तव, डिप्टी नाजिर, रोहित कुमार, बिल क्लर्क, अमित गुप्ता, सेशन क्लर्क, कल्पना अग्रहरि, स्वाति गुप्ता, अखिलेश प्रकाश, अध्यक्ष, सिविल कोर्ट, मनोज कुमार, अध्यक्ष, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ तथा अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे। समारोह के दौरान न्यायिक अधिकारियों की ओर से संजय सिंह एवं श्रीपाल सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके कार्यकाल को अत्यंत सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यों का संचालन अच्छे ढंग से हुआ तथा उनके साथ कार्य करने के अनुभव सदैव स्मरणीय रहेंगे।

कर्मचारियों की ओर से भी वक्ताओं ने अपने अनुभव एवं भावनाएँ साझा कीं। इस अवसर पर कल्पना अग्रहरि ने अपने भावपूर्ण संबोधन में “नारी जीवन झूले की तरह…” गीत प्रस्तुत कर समारोह को भावुक बना दिया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावनात्मक रूप से प्रभावित किया और समारोह के आत्मीय वातावरण को और भी संवेदनशील बना दिया। कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं ओजपूर्ण संचालन प्रशासनिक लिपिक जितेन्द्र कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा—

“पद छूट जाएगा, पहचान नहीं, साथ छूट जाएगा, सम्मान नहीं। राहें बदल जाएँगी, यादें नहीं, आपसे जुड़ा अपनापन कभी कम होगा नहीं।”

उनके सधे हुए, प्रभावशाली एवं भावपूर्ण संचालन ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम के प्रत्येक चरण को उन्होंने सहजता, आत्मीयता और प्रभावशाली शब्दों के माध्यम से आगे बढ़ाया, जिससे समारोह अत्यंत सुव्यवस्थित एवं यादगार बना। समारोह के दौरान समस्त कर्मचारीगण ने अल्पना को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके प्रति सम्मान, आत्मीयता एवं कृतज्ञता व्यक्त की। पूरे आयोजन में एक ओर उनके दीर्घ सेवाकाल के प्रति सम्मान का भाव था, तो दूसरी ओर उनके साथ बिताए गए समय से जुड़ी स्मृतियों के कारण विदाई की भावुकता भी स्पष्ट रूप से दिखाई दी। अंत में सभी उपस्थित न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारीगण ने जनपद एवं सत्र न्यायाधीश अल्पना के स्वस्थ, सुखमय एवं आनंदपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामना की। समारोह आत्मीयता, सम्मान और भावभीनी विदाई के वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट