निःशुल्क नेत्र शिविर में उमड़ा जनसैलाब, लगभग 400 लोगों ने कराई आंखों की जांच

जनपद बांदा।

जनपद बांदा में रविवार को श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, जानकीकुंड चित्रकूट-सतना के तत्वावधान में विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। रामबाग चौराहा, गोड़ी बाबा रोड स्थित श्रीराम मेडिकल स्टोर में आयोजित इस शिविर में सुबह से ही नेत्र रोगियों और जरूरतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में करीब 400 लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। शिविर के दौरान जांच के बाद 50 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिह्नित कर चित्रकूट रेफर किया गया। इन मरीजों को नेत्र चिकित्सालय जानकीकुंड तक पहुंचाने के लिए निःशुल्क एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। वहीं, 150 जरूरतमंद लोगों को चश्मे वितरित किए गए, जबकि 200 लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क आई ड्रॉप दी गईं।

कार्यक्रम के आयोजक समाजसेवी एवं अधिवक्ता श्रीराम निषाद ने कहा कि जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद करना ही इस तरह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। वहीं शिविर के संयोजक एवं बेटी बचाओ संस्था के अध्यक्ष समाजसेवी अशोक यादव ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने बताया कि शिविर में नेत्र परीक्षण के साथ मोतियाबिंद ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण, फेको सर्जरी, लेसिक लेजर एवं लो-विजन जांच जैसी सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। शिविर में आयुष्मान कार्ड धारकों को कार्ड एवं मोबाइल साथ लाने की सलाह दी गई। इस निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर के माध्यम से 400 लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलना जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ। समाजसेवियों की इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar