वोट चोरी के आरोप को लेकर कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की

जनपद बांदा।

कथित वोट चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का मामला लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान से जुड़ा गंभीर विषय है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। नेताओं ने कथित वोट चोरी के मामले की जांच की मांग करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि करोड़ों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने इसे संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला बताते हुए मामले में जवाबदेही तय किए जाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, 10 माल एवेन्यू के बाहर पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन पहुंचाया। कांग्रेस के अनुसार, देर शाम सभी कार्यकर्ताओं को वहीं से रिहा कर दिया गया।

प्रदर्शन में बांदा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान एडवोकेट, जिला महासचिव शोएब रिजवी, जिला सचिव बाबूराम यादव, कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी, पूर्व चेयरमैन नगरपालिका परिषद बांदा संजय गुप्ता, लालबाबू राजपूत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट