दस दिवसीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी एवं माटी कला महोत्सव का हुआ भव्य समापन

जनपद बांदा।

जनपद बांदा में आयोजित दस दिवसीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी एवं माटी कला महोत्सव का भव्य एवं सफल समापन समारोह संपन्न हुआ। समापन समारोह में विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदर्शनी का विधिवत समापन किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मदन मोहन वर्मा, परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी झांसी राम किशोर गुप्ता, कुशल उद्यमी एवं समाजसेवी महेंद्र भटनागर सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी, माटी कला एवं खादी ग्रामोद्योग से जुड़े उद्यमी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ ने सभी उद्यमियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने तथा जनपद की पारंपरिक कला, शिल्प एवं स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन होना चाहिए, जिससे स्थानीय शिल्पकारों एवं उद्यमियों को आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हों और जनपद की कला एवं संस्कृति को नई पहचान मिले।

प्रदर्शनी के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों को सम्मानित करते हुए पुरस्कार प्रदान किए गए। उद्यमी श्रेणी में पुरस्कार निम्नवत रहे—

उद्यमी श्रेणी में पुरस्कार:-

1. प्रथम पुरस्कार: पारस ग्रामोद्योग संस्थान, देहरादून।

2. द्वितीय पुरस्कार: कौशल किशोर दीक्षित, विनोबा भावे सेवा संस्थान।

3. तृतीय पुरस्कार: राजीव शुक्ल, रसराज ग्रामोद्योग संस्थान, प्रयागराज।

इसी क्रम में महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया के माध्यम से जनसामान्य तक इसकी गतिविधियों को पहुंचाने वाले सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी सम्मानित किया गया। महोत्सव से संबंधित सर्वश्रेष्ठ वायरल वीडियो प्रतियोगिता में पुरस्कार निम्नवत प्रदान किए गए:-

1. प्रथम पुरस्कार: प्रमोद कुमार मछंदर।

2. द्वितीय पुरस्कार: संतोष कुमार गुप्ता।

3. तृतीय पुरस्कार: राजेश श्रीवास्तव।

समापन कार्यक्रम का कुशल संचालन दीनदयाल सोनी जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी योगेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों, शिल्पकारों, पत्रकार बंधुओं, सोशल मीडिया क्रिएटर्स एवं जिला प्रशासन का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी की सफलता सभी के सामूहिक सहयोग, सहभागिता एवं परिश्रम का परिणाम है। इस आयोजन ने खादी, ग्रामोद्योग एवं माटी कला से जुड़े उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का बेहतर अवसर प्रदान किया है।

उन्होंने विशेष रूप से जिला प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सोशल मीडिया क्रिएटर्स के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। दस दिवसीय इस महोत्सव का सफल आयोजन स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक शिल्पकला, खादी एवं ग्रामोद्योग को प्रोत्साहित करने तथा वोकल फॉर लोकल एवं आत्मनिर्भर भारत की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। समारोह का समापन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट