खादी ग्रामोद्योग मेले में भव्य कवि सम्मेलन संपन्न, कई जिलों से आए कवियों ने देर रात तक बांधा समां

जनपद बांदा।

खादी ग्रामोद्योग मेले में योगेंद्र पटेल, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी के आमंत्रण पर डॉ. राजेन्द्र तिवारी ‘स्वदेश’ के संयोजन एवं डॉ. राजेश तिवारी ‘रंजन’ के कुशल संचालन तथा डॉ. चंदिका प्रसाद दीक्षित ‘ललित’ की अध्यक्षता में भव्य कवि सम्मेलन संपन्न हुआ। कवि सम्मेलन में जनपद सहित कई जिलों से आए प्रतिष्ठित कवियों एवं रचनाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से देर रात तक समां बांधे रखा।

सम्मेलन में वरिष्ठ कवि आर.सी. योगा ने मेले की रौनक और उत्साह को अपनी हास्य रचना के माध्यम से अभिव्यक्त करते हुए कहा— “मेले में आए हो तो टहलते-टहलते कुछ ले लो।” वरिष्ठ कवयित्री अम्बे तिवारी ने बेटियों के सम्मान और गौरव को रेखांकित करती अपनी रचना “बेटियाँ गुमान हैं हमारा” प्रस्तुत की।

चित्रकूट के कवि दिनेश दीक्षित ‘संघर्षी’ ने पिता के संघर्ष, प्रेम और बलिदान को व्यक्त करती भावपूर्ण पंक्तियों से सभी को भावविभोर किया। डॉ. राजेन्द्र तिवारी ‘स्वदेश’ ने अपनी राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचना “जय हिंद, हम वंदे मातरम् मरते- मरते कहते हैं” के माध्यम से देशप्रेम का स्वर बुलंद किया।

प्रसिद्ध गजलकारा प्रियंका त्रिपाठी ‘अतर्रा’ ने “हमारे दिल में हिंदुस्तान जिंदाबाद” के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को स्वर दिया। वरिष्ठ कवि एवं छंदकार ठाकुरदास शर्मा ‘पंछी’ ने “समुद्र मंथन तो हो चुका, मन मंथन है शेष” जैसी सशक्त छंद रचना से श्रोताओं को चिंतन के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. राजेश तिवारी ‘रंजन’ ने “एक दिया शहीदों के नाम जलाएँ” की भावपूर्ण प्रस्तुति सहित अपने उत्कृष्ट छंदों से सम्मेलन को विशेष ऊँचाई प्रदान की।

पूरे कवि सम्मेलन में हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार, संवेदना, राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम और छंदबद्धता की अनुपम छटा देखने को मिली। रचनाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने भरपूर सराहना की।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी योगेंद्र पटेल की आत्मीय प्रतिक्रिया रही। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में इस प्रकार का शानदार कवि सम्मेलन पहली बार आयोजित हुआ है। उनका यह प्रोत्साहन उपस्थित सभी कवियों एवं साहित्यकारों के लिए विशेष उत्साहवर्धक रहा।

कार्यक्रम के अंत में सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. चंदिका प्रसाद दीक्षित ‘ललित’ ने अपने प्रभावशाली एवं सारगर्भित अध्यक्षीय उद्बोधन से आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। उनका साहित्यिक व्यक्तित्व, गहन चिंतन और ओजस्वी अभिव्यक्ति सदैव मंच की प्रतिष्ठा बढ़ाती है। वे जिस भी मंच पर उपस्थित होते हैं, अपनी विद्वत्ता और गरिमामय वक्तव्य से उस मंच की शोभा और ऊँचाई दोनों बढ़ा देते हैं। उनका अध्यक्षीय उद्बोधन उपस्थित साहित्यकारों एवं श्रोताओं के लिए प्रेरणादायी रहा।

निश्चित रूप से खादी ग्रामोद्योग मेले में यह आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि साहित्य, संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और सामूहिक चेतना का सुंदर संगम बनकर सामने आया। आयोजक, संयोजक, अध्यक्ष एवं संचालनकर्ता के समन्वित प्रयासों से यह कार्यक्रम यादगार बन गया। साहित्य और संस्कृति को प्रोत्साहित करने वाली ऐसी पहल निश्चित ही समाज में रचनात्मकता एवं सकारात्मक चेतना का विस्तार करती है।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट