जनपद बांदा।
कड़ाके की ठंड शुरू होने से पहले गोवंशों को ठंड से बचाने के लिए विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति ने जिले की गौशालाओं का निरीक्षण अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में शनिवार को महुआ विकासखंड के ग्राम पंचायत अर्जुनाह में संचालित अस्थाई गौशाला का औचक निरीक्षण किया गया। समिति के जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने गौशाला पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने टीनशेड, ठंड से बचाव के लिए त्रिपाल, पेयजल और भूसे की उपलब्धता देखी। निरीक्षण के दौरान कुछ व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की आवश्यकता बताई गई।
मौके पर ग्राम प्रधान को बुलाकर गोवंशों के लिए सर्दी से पहले सभी जरूरी इंतजाम पूरे कराने को कहा गया। विशेष रूप से पर्याप्त भूसा, पानी, त्रिपाल और अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। ग्राम प्रधान ने आश्वासन दिया कि सर्दी शुरू होने से पहले गौशाला की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करा दिया जाएगा। गोवंशों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने की बात कही।
जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि समिति का उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि गौसेवा और गोवंशों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आने वाली सर्दी में गोवंशों को परेशानी न हो, इसके लिए जिले की सभी गौशालाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। अर्जुनाह गौशाला में ग्राम प्रधान ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन बाद दोबारा गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी जाएगी।
Crime 24 Hours / Mitesh Kumar


