*जिला प्रेस क्लब खागा के तत्वावधान में एसराज पैलेस में हुआ भव्य आयोजन, अतिथियों को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर किया गया सम्मानित
खागा/फतेहपुर ::- जिला प्रेस क्लब खागा के तत्वावधान में शनिवार को एसराज पैलेस में विचार संगोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “बदलते परिवेश में पत्रकारों की भूमिका” रहा। संगोष्ठी में पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप, बदलती चुनौतियों तथा समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत उपस्थित अतिथियों एवं वरिष्ठ पत्रकारों का माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र भेंटकर सम्मान किया गया।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की समस्याओं को उजागर करना, आमजन की आवाज को जिम्मेदार मंच प्रदान करना तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर सच्चाई सामने लाना भी इसका महत्वपूर्ण दायित्व है।
वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता, ईमानदारी और विश्वसनीयता को अपनी पत्रकारिता का आधार बनाना चाहिए। साथ ही बदलते परिवेश में पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले पत्रकारों के सम्मान के साथ उनके अनुभवों और विचारों को भी साझा किया गया। आयोजन ने पत्रकारों के बीच आपसी एकजुटता, संवाद और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव को मजबूत करने का संदेश दिया।


