जनपद बांदा।
जनपद में लगातार हो रही वर्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते जलस्तर को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र एवं उप जिलाधिकारी पैलानी द्वारा तहसील पैलानी के अंतर्गत ग्राम गौरी कला एवं अमारा, नांदा देव, पड़ौरा, सिंधन कला, पैलानी डेरा तथा तहसील बबेरू के अंतर्गत तिंदवारी-बबेरू मार्ग स्थित सिमौनी रपटा का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा निम्न बिंदुओं पर विशेष रूप से जायजा लिया गया। लगातार हो रही वर्षा के कारण बढ़ते जलस्तर की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया गया। संवेदनशील रपटों एवं मार्गों पर जलस्तर बढ़ने की स्थिति में जनसुरक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन किया गया। स्थानीय लोगों की आवागमन संबंधी समस्याओं एवं प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली गई। जिन गांवों के संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त अथवा बाधित हुए हैं, वहां नाव की व्यवस्था है। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार आवश्यक सामग्री की उपलब्धता एवं आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जलस्तर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। स्थानीय स्तर पर लोगों को जलभराव एवं बढ़ते जलस्तर वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा अनावश्यक आवागमन से बचने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों एवं राजस्व अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसामान्य की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि वर्षा एवं जलस्तर की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जहां संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं, वहां लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय से सामग्री एवं आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए।जिला प्रशासन द्वारा वर्षा की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा जनसुरक्षा के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


