जनपद बांदा।
पर्यावरण संरक्षण, गौ-रक्षा और सामाजिक संस्कारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बांदा में अनूठी पहल की गई। वैवाहिक समारोह में नवविवाहित जोड़े समेत बारातियों और उपस्थित महिलाओं व पुरुषों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। इस पहल के जरिए शादी समारोह में प्रकृति संरक्षण का संदेश प्रसारित किया गया। कार्यक्रम विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एवं गंगा समग्र के जिला संयोजक महेश कुमार प्रजापति के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान समाजसेवी एवं पत्रकार धर्मेंद्र सिंह और उनकी पत्नी अंजू को विशेष रूप से पौधे भेंट किए गए। महेश कुमार प्रजापति ने नवदंपति को पौधे की देखभाल का संकल्प दिलाते हुए कहा कि पौधे को केवल पौधा न समझें, बल्कि संतान की तरह पालें और उसकी रक्षा करें। जिस प्रकार अपने वैवाहिक जीवन को प्रेम और विश्वास से संवारते हैं, उसी तरह पौधे की भी देखभाल करें।
उन्होंने कहा कि आज शादी समारोहों में अनेक प्रकार के उपहार दिए जाते हैं, लेकिन पौधा भेंट करना जीवन और भविष्य को उपहार देने के समान है। यदि प्रत्येक शादी और शुभ अवसर पर पौधे भेंट करने की परंपरा शुरू हो जाए तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है। इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और हरित वातावरण मिलेगा। महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि उनका अभियान गौ-रक्षा, गंगा संरक्षण, पर्यावरण बचाने और संस्कारों को मजबूत करने के लिए है। पौधे भेंट करने की पहल इसी अभियान की एक कड़ी है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पहल की सराहना करते हुए पौधों की नियमित देखभाल तथा घरों, खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधरोपण करने का संकल्प लिया। अंत में नवदंपति को सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गई।
Crime 24 Hours / Mitesh Kumar


