जनपद बांदा।
बांदा में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जनता दल यूनाइटेड का आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी है। जदयू ने मंडलायुक्त को ज्ञापन देकर दूसरे जनपद से जांच टीम गठित करने की मांग की है। जदयू की प्रदेश उपाध्यक्ष और बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में 21 सितंबर से अशोक लाट पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन चल रहा है।
जदयू महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पिंकी प्रजापति ने आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल को ज्ञापन सौंपकर कहा कि जिला प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। ज्ञापन में 15 मांगें रखी गई हैं, जिनमें 300 बेड के मंडलीय अस्पताल को तत्काल चालू करना, नरैनी, बबेरू, अतर्रा समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में सुधार, रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में मरीजों से अवैध वसूली और बाहर की दवा लिखने की जांच, भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच, कार्यवाहक सीएमएस डॉ. प्रवीण राज सरावगी की भूमिका की जांच, मेट्रन शाजिया बेगम और सावित्री यादव को हटाना, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का शोषण बंद कर समय पर वेतन देना और वर्षों से एक ही जगह जमे अधिकारियों का ट्रांसफर शामिल है। जदयू ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


