संविधान बचाओ मार्च में बांदा के सैकड़ों कांग्रेसियों ने लिया हिस्सा

जनपद बांदा।

संविधान दिवस पर राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर लखनऊ में आयोजित संविधान बचाओ मार्च में बांदा जनपद के सैकड़ों कांग्रेसियों ने जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में भाग लिया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर से आए कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ मार्च में सहभागिता की। मार्च की अध्यक्षता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की। उन्होंने भाजपा सरकार पर संविधान एवं लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेकर पद छोड़ने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता मार्च में शामिल हुए। जानकारी के अनुसार मार्च आगे बढ़ने पर पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर बसों से अन्य स्थान पर पहुंचाया। जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने बताया कि बांदा के कार्यकर्ताओं की सहभागिता की राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व ने सराहना की। मार्च में सीमा खान, संकटा प्रसाद त्रिपाठी, आकाश दीक्षित समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट