विश्व हिन्दू परिषद ने पुष्पवर्षा कर किया कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत, स्वल्पाहार की भी रही व्यवस्था

जनपद बांदा।

श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित कांवड़ यात्रा के शुभारंभ पर शुक्रवार को विश्व हिन्दू परिषद, कानपुर प्रान्त के तत्वावधान में बांदा नगर में शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया गया। स्टेशन रोड पर लगाए गए स्वागत शिविर में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया तथा उनके लिए स्वल्पाहार और पेयजल की व्यवस्था भी की गई। विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के बीच कांवड़ यात्रियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने इस स्वागत कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे सेवा और श्रद्धा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

विश्व हिन्दू परिषद कानपुर प्रान्त के धर्म यात्रा प्रमुख चन्द्रमोहन बेदी ने बताया कि श्रावण मास में आयोजित कांवड़ यात्रा में शामिल सैकड़ों शिवभक्तों का सम्मानपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह समाज में सेवा, समर्पण और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी देती है। विहिप द्वारा प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऐसे सेवा कार्य किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संगठन के कार्यकर्ता लगातार सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। यात्रियों को जलपान, विश्राम और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रान्त मंदिर-अर्चक पुरोहित प्रमुख अशोक ओमर, विभाग मठ-मंदिर प्रमुख शान्तनु चतुर्वेदी, जिला कोषाध्यक्ष रवि मोहन, महेन्द्र चौहान, जिला समरसता प्रमुख चंद्रप्रकाश कबीर, चंद्रशेखर रावत, सुलभ सहगल, विकास गुप्ता, अनूप गुप्ता, अंकेश कोस्टा, प्रियांशु शिवहरे, हर्ष दासवानी, उमेश चक्रवर्ती, लाला कुशवाहा, कुंवर जी, किशन गुप्ता, शिवम माली सहित विश्व हिन्दू परिषद बांदा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन तक श्रद्धालुओं के स्वागत का क्रम लगातार चलता रहा और विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने सेवा भाव के साथ शिवभक्तों की सहायता कर श्रावण मास की धार्मिक परंपरा को और अधिक गरिमामय बनाया।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar