मझगवां – ग्राम पंचायत मझगवां में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद बारहों (छठी) का पर्व बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी झालरों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण को नए पीतांबर वस्त्र धारण कराए गए और पालने में झूला झुलाया गया।
इस अवसर पर महिलाओं द्वारा पारंपरिक सोहर और बधाई गीत गाए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पुजारी जी द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई और श्रीकृष्ण के जीवन पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हर साल की तरह इस साल भी विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस मौके पर ग्राम के बूदन त्रिवेदी, सलोला महराज अंकित अमित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।


