बढ़ती महंगाई की रोकथाम हेतु सद्भावना सेवा मंच ने सौंपा सीएम को संबोधित ज्ञापन

जनपद बांदा।

मंगलवार को बांदा में सद्भावना सेवा मंच के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता “राजा” के नेतृत्व में अपने पदाधिकारीयों के साथ जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश में बढ़ती महंगाई की रोकथाम के लिए ज्ञापन दिया गया। वर्तमान समय में खाद्य सामग्री, चीनी, सब्जियों, दाल, तेल, गैस, बिजली, पेट्रोल- डीजल, शिक्षा, चिकित्सा तथा दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की बढ़ती कीमतों के कारण आम नागरिक, मजदूर, किसान, छोटे व्यापारी, नौकरीपेशा एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। महंगाई के कारण परिवारों का मासिक बजट प्रभावित हो रहा है तथा सीमित आय में घर का खर्च चलाना कठिन होता जा रहा है। अतःजनहित में प्रदेश सरकार द्वारा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी निगरानी एवं नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाया जाना अत्यंत आवश्यक है।

ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख मांगें रखी गई जोकि निम्नलिखित हैं-

1.आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण एवं नियमित निगरानी की जाए।

2.जमाखोरी, कालाबाजारी एवं कृत्रिम रूप से कीमतें बढ़ाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

3.गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को आवश्यक वस्तुओं पर अधिक राहत प्रदान की जाए।

4.रसोई गैस, बिजली एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से जनता को राहत देने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।

5.बाजारों में आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित एवं उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जाए।

6.किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य तथा उपभोक्ताओं को उचित दर पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत की जाए।

7.महंगाई से प्रभावित गरीब, मजदूर एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए विशेष राहत योजनाएं लागू की जाएं।

ज्ञापन में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि उपरोक्त मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण तथा आम जनता को अधिकतम राहत प्रदान करने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस दौरान ज्ञापन में सद्भावना सेवा मंच के प्रमुख महासचिव कुदरत उल्ला, कोषाध्यक्ष वृंदावन वैश्य, उपाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता राजू, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा खान, वीरेंद्र गुप्ता बाबू, सौरभ लक्षकार, मनी कश्यप, साजिद डॉलर, रहीस खान, नेतराम वर्मा, पीयूष गुप्ता चंचल, पंडित हर्षित, गोलू सविता, नीरज अनुरागी, अर्जुन अनुरागी, हिमाँशु वैश्य, अवधेश सोनी आदि पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट