जनपद बांदा।
चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में मंडल स्तरीय विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत पात्र छात्राओं की सूची तैयार कर वितरण की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा कोई भी पात्र छात्रा वंचित न रहने देने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और खाद वितरण में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
आयुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक गांव तक पेयजल पहुंचाने तथा क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने को कहा। इसके अलावा स्वास्थ्य, पेंशन, पशुपालन, गौशाला, पंचायत भवन, आईसीडीएस एवं श्रम विभाग की योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। जनगणना-2027 के स्वगणना कार्य और नए मतदाताओं के पंजीकरण पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में जिलाधिकारी बाँदा अमित आसेरी, जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


