मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं सत्यापन कार्य में लापरवाही न बरतें अधिकारी : जिलाधिकारी

 

 

फतेहपुर, 21 नवंबर 2026। खागा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के पश्चात तहसील सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में राजस्व निरीक्षकों एवं राजस्व लेखपालों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत निर्वाचक नामावलियों के शुद्धिकरण, सत्यापन तथा पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाने संबंधी कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि अभियान की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। बीएलओ द्वारा मतदाता सूची के सत्यापन, शुद्धिकरण एवं नए नाम जोड़ने से संबंधित कार्यों की प्रविष्टियां बीएलओ रजिस्टर में दर्ज हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जाए।
उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रह जाए। इसके लिए आवश्यकता पड़ने पर बीएलओ के साथ ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर बैठकें भी आयोजित की जाएं। बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि स्थानांतरित, अनुपस्थित तथा नए मतदाताओं के नाम शामिल किए जाने की अद्यतन स्थिति उनके रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज हो।
जिलाधिकारी ने राजस्व लेखपालों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में सरकारी भूमि की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर उसका विवरण भूमि रजिस्टर में हर हाल में दर्ज करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा न होने पाए।
उन्होंने राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खागा, तहसीलदार खागा, राजस्व निरीक्षक, राजस्व लेखपाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट