अधूरे निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम अमित आसेरी

जनपद बांदा।

बांदा जनपद में संचालित निर्माण कार्यों एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज निर्माण कार्यों तथा सीएम डैशबोर्ड अनुश्रवण के अंतर्गत विकास कार्यों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा विकास योजनाओं की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी अमित आसेरी ने अपने प्रमुख निर्देशों में कहा कि जल निगम (नगरीय) को जिन वार्डों में पेयजल आपूर्ति न होने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, वहां तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर विकास विभाग को निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाकर समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग के अंतर्गत मलहरा गौ संरक्षण केंद्र के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड, स्वास्थ्य विभाग, चित्रकूटधाम मंडल बांदा के संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य कार्यालय भवन, जिला कारागार, सेतु निगम तथा लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर सभी लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। तहसील पैलानी से गुलौली मार्ग (सिंधनकला मार्ग) के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। बबेरू मंडी बस स्टैंड का निर्माण 60 प्रतिशत से अधिक पूर्ण होने पर शेष कार्य तत्काल पूरा कर जनता को शीघ्र सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। विधि विज्ञान प्रयोगशाला भवन, प्रांतीय खंड तथा कचहरी चौराहा से मुक्तिधाम मार्ग सहित सभी अधूरे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। सीएनडीएस द्वारा निर्धारित प्लांटेशन कार्य न किए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कारण बताओ (शोकॉज) नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में दिए निर्देश में जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर विभागों की रैंकिंग की समीक्षा करते हुए निम्न योजनाओं एवं विभागों की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए—

• जननी सुरक्षा योजना

• स्वास्थ्य विभाग

• 15वां वित्त आयोग (पंचायती राज)

• एसबीएम (स्वच्छ भारत मिशन) फेज-2

• पंचायती राज विभाग

• पर्यटन विभाग

• लोक निर्माण विभाग (PWD)

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले माह तक सभी विभाग अपनी रैंकिंग में सुधार करते हुए “ए” ग्रेड प्राप्त करने का लक्ष्य सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने संदेश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करें तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट