फतेहपुर !जनपद के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव के पास शुक्रवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर करीब 20 मीटर दूर जा गिरे।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सड़क किनारे पहुंचाया और उनके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद दोनों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान 25 वर्षीय लुकमान पुत्र शहनवाज निवासी ग्राम बहेरा तथा 23 वर्षीय शिवा कुमार पुत्र वीरेंद्र निवासी ग्राम सैदपुरा के रूप में हुई है। दोनों युवक सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि यातायात माह के दौरान भी दोनों युवक बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे। हेलमेट न पहनने के कारण हादसे में उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। यह घटना एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की आवश्यकता को उजागर करती है।
ब्यूरो रिपोर्ट


