बांदा में 26 नवंबर से शुरू होगी पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा, 25 नवंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

जनपद बांदा।

संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान एवं सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के तत्वावधान में 26 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन परम पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज के श्रीमुख से होगा। आयोजन को लेकर शनिवार, 21 नवंबर को प्रेस वार्ता आयोजित कर आयोजन समिति ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि कथा का आयोजन जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज ग्राउंड, बांदा में किया जाएगा। कथा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए भव्य एवं सुविधाजनक पंडाल की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए अनवरत भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

25 नवंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा:

पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन के शुभारंभ से एक दिन पूर्व 25 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा अलीगंज स्थित रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः रामलीला मैदान पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज ग्राउंड स्थित कथा स्थल पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा के दौरान गुर्जर नाका, महेश्वरी देवी, स्टेशन रोड, नया पुल, महाराणा प्रताप चौक एवं फूलचंद चौराहा सहित नगर के प्रमुख मार्ग शामिल रहेंगे। आयोजन समिति ने माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं से पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर यात्रा में शामिल होने की अपील की है। कलश यात्रा में आकर्षक एवं अलौकिक धार्मिक झांकियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील:

आयोजन समिति ने जनपद के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं-बहनों एवं कृष्ण भक्तों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में कलश यात्रा एवं पांच दिवसीय कथा में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाएं। साथ ही परम पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज के श्रीमुख से होने वाली भक्ति, ज्ञान एवं अध्यात्म की अमृतमयी कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें।

प्रेस वार्ता में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी एवं आयोजन समिति ने जनपदवासियों से तन-मन- धन से सहयोग करने का आह्वान किया। वहीं उपस्थित पत्रकार बंधुओं एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस आध्यात्मिक आयोजन का लाभ उठा सकें। अंत में आयोजन समिति ने प्रेस वार्ता में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रेस वार्ता के दौरान समिति सदस्य अशोक त्रिपाठी जीतू, राजकुमार शिवहरे, जगराम सिंह चौहान, मालती गुप्ता, राजेश द्विवेदी, संतोष गुप्ता, प्रकाश चंद्र त्रिपाठी, भैरवनाथ कुशवाहा, बन्ना गुप्ता, लल्ला बाजपेयी, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, राजेश मिश्रा, राजकुमार खरे, कमलेश गुप्ता, रामहरी शिवहरे, अंकित बाबू, सज्जू यादव, मदन तिवारी, सज्जू गुप्ता, बाकुराम रामपाल प्रजापति, अवधेश कपूर, आशुतोष तिवारी, संजय ककोनिया, प्रशांत गुप्ता, राकेश बाजपेयी, श्याम सिंह, भुवनेश्वर रावत, मनोज निगम लाला, पंकज रावत, अमित गुप्ता, विनय गुप्ता, कामेश्वर गुप्ता, पुष्कर द्विवेदी, राहुल सिंह, अनुरुद्ध त्रिपाठी दददा एवं सुरेश कान्हा सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar