अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तीर्ण साक्षरों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र

जनपद बांदा।

बाँदा में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आज विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत साक्षरता परीक्षा में उत्तीर्ण हुए प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासु एवं सदर विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ ने उपस्थित साक्षरों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर सभी को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए समाज में अधिक से अधिक असाक्षर व्यक्तियों का चिन्हांकन कर उन्हें साक्षर बनाने का संकल्प लेने का संदेश दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने अधिकारों, कर्तव्यों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने में सक्षम बनाती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि जनपद में अभी भी जो व्यक्ति साक्षरता से वंचित हैं, उनका चिन्हांकन कर उन्हें नवभारत साक्षरता कार्यक्रम से जोड़ते हुए साक्षर बनाने का प्रभावी प्रयास किया जाए।

नवभारत साक्षरता कार्यक्रम भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के असाक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में अब तक 1123 असाक्षर व्यक्तियों का चिन्हांकन किया गया है। मार्च 2026 में आयोजित साक्षरता परीक्षा में इनमें से 913 प्रतिभागी उत्तीर्ण हुए, जिन्हें आज अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक, स्वयंसेवी एवं नवसाक्षर प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट