जनपद बांदा।
संविधान दिवस के अवसर पर आगामी 26 नवंबर को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा लखनऊ में संविधान रक्षा यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में बांदा जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं संविधान में आस्था रखने वाले लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी बांदा के तत्वावधान में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने प्रेस वार्ता आयोजित की। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि भारत का प्रजातंत्र और संविधान एक वोट की बुनियाद पर खड़ा है। वोट का अधिकार छीनना संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने जैसा है। आजादी के बाद वर्तमान समय में देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के समक्ष गंभीर चुनौतियां खड़ी हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना के निर्देशानुसार 26 नवंबर, संविधान दिवस पर संविधान रक्षा यात्रा निकाली जाएगी।
उन्होंने बताया कि बांदा जिले से कांग्रेसजन निजी बसों, निजी वाहनों एवं ट्रेन के माध्यम से लखनऊ पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। यात्रा की शुरुआत 26 नवंबर को नेहरू भवन, लखनऊ स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर होगी। इसके बाद यात्रा एनेक्सी भवन होते हुए हजरतगंज पहुंचेगी, जहां बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर यात्रा का समापन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगी। साथ ही सिविल सोसाइटी, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं संविधान में आस्था रखने वाले सभी लोगों से यात्रा में शामिल होने की अपील की। राजेश दीक्षित ने संविधान सभा में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा व्यक्त की गई चिंताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अधिनायकवादी नेतृत्व, धर्म को देश से ऊपर रखने की प्रवृत्ति तथा मुट्ठी भर लोगों के हित में काम करने वाली व्यवस्था को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार की नीतियों में बाबा साहब की बताई गई चिंताओं की झलक दिखाई देती है।
उन्होंने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बाबा साहब एक ऐसे मजबूत चुनाव आयोग के पक्षधर थे, जो सरकार के दबाव से मुक्त होकर काम करे। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने दिसंबर 2023 में कानून बनाकर चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति संबंधी चयन समिति से भारत के मुख्य न्यायाधीश को हटाकर उनकी जगह केंद्र सरकार के एक मंत्री को शामिल कर लिया, जिससे चयन समिति में सरकार का बहुमत हो गया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की स्वतंत्रता और निष्पक्षता बनाए रखना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। प्रेस वार्ता में कांग्रेस सोशल मीडिया के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष रज्जाक भाई, इरफान खान (कांग्रेस सभासद), अरविन्द सिंह, रामनरेश गुप्ता लड्डू, लालबाबू राजपूत सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


