धनतेरस पर उमड़ी खरीदारों की भीड़, बाजार में छाई रौनक

जनपद बांदा।

बांदा जनपद में धनतेरस एवं दीपावली पर्व को लेकर कमासिन कस्बे के बाजार में शुक्रवार सुबह से ही रौनक देखने को मिली। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष खरीदारी करने बाजार पहुंचे। बाजार में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही। लोगों ने अपनी परंपरा और जरूरत के अनुसार जमकर खरीदारी की। किसी ने झाड़ू और बर्तन खरीदे तो किसी ने सोने-चांदी के आभूषण एवं चांदी के सिक्के खरीदे। वहीं दीपावली की तैयारी को लेकर दीपक, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां, पूजा सामग्री और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों की भी खूब बिक्री हुई।

बीरा गांव निवासी सविता देवी ने बताया कि धनतेरस के शुभ अवसर पर चांदी का सिक्का खरीदने का अवसर मिला है। वहीं रामचंद्र यादव ने कहा कि धनतेरस का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन नई वस्तुओं की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। बाजार में अच्छी रौनक है और लोग अपनी जरूरत के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। स्टील बर्तन विक्रेता रामप्रकाश सोनी ने बताया कि धनतेरस पर बर्तनों की खरीदारी को शुभ माना जाता है। सुबह से ही ग्राहक दुकान पर पहुंच रहे हैं। इस बार स्टील के बर्तनों के साथ थाली, कटोरी, गिलास, कुकर और अन्य घरेलू सामान की अच्छी मांग देखने को मिल रही है।

सोने-चांदी के आभूषण विक्रेता ने बताया कि धनतेरस पर लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण और सिक्कों की खरीदारी कर रहे हैं। चांदी के सिक्कों की मांग विशेष रूप से बनी हुई है। वहीं मूर्ति एवं माला विक्रेता नीरज पाटकर ने बताया कि दीपावली पूजन के लिए भगवान गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों, फूल-मालाओं और सजावटी सामान की अच्छी बिक्री हो रही है। पूजा सामग्री एवं भगवान कुबेर की मूर्तियों तथा सजावट के सामान के विक्रेता संदीप गुप्ता ने बताया कि दीपावली को लेकर ग्राहक पूजा की थाली रोली चंदन धूप अगरबत्ती दीपक और अन्य पूजन सामग्री खरीद रहे हैं लोग अपने घरों में विधि विधान से पूजा करने की तैयारी में जुटे हैं।

वहीं विद्युत झालरों के विक्रेता ओम प्रकाश उर्फ रज्जू वर्मा ने बताया कि इस बार रंग बिरंगी एलईडी झालरों और आकर्षक लाइटों की मांग अधिक है लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए तरह-तरह की झालरे खरीद रहे हैं। धनतेरस के अवसर पर बाजार में उंगली भीड़ से व्यापारियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी दुकानदारों को उम्मीद है की दीपावली तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहेगा त्यौहार की रौनक से पूरा कमासिन बाजार रोशनी और उत्साह के माहौल मे सराबोर नजर आया।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट