जनपद बांदा।
पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा वांछित अभियुक्तो की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज के निकट पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकान्त त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना बिसण्डा पुलिस द्वारा नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में वांछित तथा पुलिस अभिरक्षा में चकमा देकर फरार हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जानकारी के अनुसार दिनांक 01.11.2026 को थाना बिसण्डा पर पुलिस अभिरक्षा से निगरानी के दौरान चकमा देकर फरार हो गया था। जिसके सम्बन्ध में थाना बिसण्डा में अभियुक्त के विरुद्घ अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक बांदा द्वारा का तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जिसके क्रम में थाना बिसंडा पुलिस द्वारा सुरागरसी पतारसी, सीसीटीवी फुटेज एवं सर्विलांस के माध्यम से अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे। इसी क्रम में आज दिनांक 04.11.2026 को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि पुलिस अभिरक्षा से फरार अभियुक्त जनपद बांदा के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित कचहरी परिसर के आसपास न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए कोतवाली नगर क्षेत्र में अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु भ्रमणशील टीम द्वारा अभियुक्त को कचहरी रोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त की निशांदेही पर थाना कोतवाली देहात के ग्राम बरगहनी से हथकड़ी को बरामद किया गया है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम मलखान पुत्र कल्लू निवासी ग्राम महोखर थाना कोतवाली देहात जनपद बांदा बताया गया है। संबंधित पर आवश्यक धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में चन्द्र प्रकाश तिवारी थानाध्यक्ष बिसण्डा, व०उ०नि० श्याम बहादुर सिंह, उ०नि० गिरीश कुमार त्रिपाठी, हे०कां० प्रदीप कुमार, कां० जितेन्द्र कुमार, कां० लक्ष्मण यादव, कां० अजय पासी, कां० विकास यादव मौजूद रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


