49 डिग्री तापमान से उबला था बांदा, “प्रकृति संरक्षण” थीम पर सजी माता रानी की झांकी, महेश प्रजापति ने माता रानी को दिया प्रार्थना-पत्र

जनपद बांदा।

गंगा समग्र कानपुर प्रांत के जिला संयोजक महेश प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद बांदा पिछले वर्ष भीषण गर्मी में लगभग 49 डिग्री तापमान के साथ विश्व का सबसे गर्म शहर बना था। जिले में हो रही अंधाधुंध हरे पेड़ों की कटाई, केन नदी में अवैध बालू खनन और सैकड़ों प्राकृतिक तालाबों / पूमा-पोखरों को पाटना ही इस विनाश का मुख्य कारण है। इसी गंभीर विषय को लेकर शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर तिंदवारा धाम में माता रानी की झांकी को इस वर्ष “प्रकृति संरक्षण” थीम पर सजाया गया है। इसी क्रम में गंगा समग्र कानपुर प्रांत के जिला संयोजक एवं विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने शक्ति पीठ तिंदवारा धाम में जगत जननी माँ दुर्गा के चरणों में एक विस्तृत प्रार्थना-पत्र अर्पित किया।

माता रानी को दिये प्रार्थना-पत्र में 5 मुख्य बिंदु:

हरे वृक्षों की कटाई पर:

जनपद में प्रतिदिन सैकड़ों नीम, पीपल, बरगद के पेड़ काटे जा रहे हैं, वन विभाग मौन है। इसी से बांदा का तापमान 49 डिग्री पहुंचा।

केन नदी में अवैध खनन पर:

जेसीबी, पोकलैंड से केन नदी को दिन-रात छलनी किया जा रहा है, जलस्तर 20 फीट नीचे चला गया, घाट टूट रहे हैं।

तालाब-पोखर पर कब्जा:

पूर्वजों द्वारा बनाये गये सैकड़ों तालाब, पूमा-पोखर जो वर्षा जल रोकते थे, उन्हें पाटकर कब्जा किया जा रहा है।

जल संकट और तापमान पर:

वृक्ष कटान से बांदा रेगिस्तान बन रहा है, हैंडपंप सूख रहे हैं, किसान त्रस्त है।

गोवंश और जलीय जीवों पर:

अतर्रा नगर पालिका गौशाला में गोवंश भूख से मर रहा है, चरही खाली है, नकली चारा खिलाया जा रहा है, वहीं नदियों में POP मूर्तियों से जलीय जीव मर रहे हैं।

महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि “नवरात्रि केवल पूजा नहीं, प्रकृति की पूजा है। माता रानी से प्रार्थना है कि वे जिलाधिकारी, वन विभाग, खनन विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों को सद्बुद्धि दें ताकि हरे पेड़ों की कटाई, अवैध खनन, तालाबों पर कब्जा और गौशाला की लापरवाही पर तत्काल रोक लगे। संदेश साफ है – प्रकृति बचेगी, तभी जीवन बचेगा।” इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे और सभी ने नदी, वृक्ष, जल और गौ-माता बचाने का संकल्प लिया। इस मौके में अधिवक्ता प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष दीपक शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष मछंदर सिंह कहार, जिला मंत्री विनय गुप्ता विकी इस मौके में कमेटी के सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट