ऑपरेशन मुस्कान के तहत भटके हुए 03 बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया

जनपद बांदा।

पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज के निकट पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा तीन गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार दिनांक 01 नवंबर 2026 की रात्रि को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि वह अपने चार, पांच एवं छह वर्षीय तीन बच्चों के साथ घर पर अकेली रहती हैं। दिनांक 01.11.2026 को वह मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गई थीं। जब वह वापस लौटीं तो तीनों बच्चे घर पर नहीं मिले। काफी खोजबीन करने के बावजूद बच्चों का कोई पता नहीं चल सका। सूचना के आधार पर थाना कोतवाली नगर में अभियोग पंजीकृत कर क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर एवं पुलिस टीम द्वारा तत्काल बच्चों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने पूरी रात रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मंदिर, तालाब एवं आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से बच्चों की तलाश की गई। पुलिस टीम के अथक प्रयासों से आज दिनांक 02.11.2026 की सुबह तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया और आवश्यक कार्यवाही के बाद नियमानुसारउनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ के दौरान बच्चों ने बताया कि वे कुरकुरे लेने के लिए घर से निकले थे, लेकिन इसी दौरान रास्ता भटक गए और एक बुजुर्ग महिला के पास जाकर सो गए थे। अपने बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने बांदा पुलिस की सराहना करते हुए पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट