तहसील दिवस के साथ पिंक (समाधान दिवस)/मिशन शक्ति तहसील दिवस का आयोजन, महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु दिए दिशा-निर्देश

जनपद बांदा।

मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण हेतु संचालित मिशन शक्ति फेज-6.0 के 10 दिवसीय विशेष कार्यक्रम के क्रम में शनिवार 17 अक्टूबर 2026 को जनपद बांदा की समस्त तहसीलों में नियमित तहसील दिवस के साथ-साथ पिंक (समाधान दिवस)/मिशन शक्ति तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस विशेष पहल का उद्देश्य महिलाओं को अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को निर्भीक होकर रखने के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना तथा उनकी शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना रहा। आयोजन के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से जनसुनवाई की गई। महिलाओं की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनके समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं बचाव के उपायों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया, जिससे वे इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित एवं सशक्त बन सकें।

इसी क्रम में जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी एवं पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल द्वारा सदर तहसील में जनसुनवाई करते हुए प्राप्त शिकायतों को सुना गया तथा उनके प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों एवं टीमों को आवश्यक निर्देश दिए गए तथा अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज द्वारा तहसील अतर्रा में राजस्व टीम के साथ जनसमस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई कर उनके निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनपद की समस्त तहसीलों में आयोजित पिंक (समाधान दिवस)/मिशन शक्ति तहसील दिवस के माध्यम से महिलाओं को अपनी समस्याएं रखने के लिए सहज एवं प्रभावी मंच प्रदान किया गया। इस दौरान महिला संबंधी शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता बरतने, पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर विशेष बल दिया गया। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद पुलिस एवं प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों के संरक्षण एवं स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है। इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने, उन्हें जागरूक बनाने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट