जनपद बांदा।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा प्रभारी जनपद न्यायाधीश चंद्रपाल द्वितीय के निर्देशन में रविवार को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बाँदा के प्रेक्षागृह में मेगा/बृहद विधिक जागरूकता शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराकर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जनपद न्यायाधीश द्वारा की गई। शिविर में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविर में उपस्थित नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता (सुलह-समझौता), महिला एवं बाल अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर अपराध, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार तथा अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके साथ ही पीड़ित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया, जिससे आर्थिक अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे। इस अवसर पर प्रभारी जिला जज चंद्रपाल द्वितीय, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण सुनील कुमार यादव, अध्यक्ष स्थायी लोक अदालत विवेक कुमार गुप्ता सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण, जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कुल 125 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सौरभ सिंह ने आम जनमानस से अपील की कि वे अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहें तथा आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करें। इस प्रकार शिविर के माध्यम से आमजन को न्यायिक अधिकारों एवं सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


