जनपद बांदा।
जिला पूर्ति अधिकारी, बाँदा के अनुसार जिलाधिकारी बाँदा द्वारा जनपद में संचालित 40 एलपीजी गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा गैस सिलेंडरों के उपलब्ध स्टॉक, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से तहसीलवार निरीक्षण टीमें गठित की गई हैं। गठित टीमों द्वारा जनपद की सदर, अतर्रा, बबेरू, नरैनी एवं पैलानी तहसीलों में संचालित गैस एजेंसियों का सघन निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन, सुरक्षित भंडारण एवं रखरखाव की व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता, गैस गोदाम एवं वितरण स्थलों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन तथा उपभोक्ताओं को गैस वितरण की वास्तविक स्थिति की जाँच की जाएगी। इसके अतिरिक्त गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण, निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली तथा अभिलेखों एवं ऑनलाइन स्टॉक का भौतिक स्टॉक से मिलान भी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी, अवैध भंडारण अथवा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी निरीक्षण टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निरीक्षण के उपरांत अपनी संयुक्त जाँच आख्या, एजेंसीवार स्टॉक विवरण एवं आवश्यक कार्यवाही की रिपोर्ट तत्काल अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी, बाँदा द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा, गैस की सुचारु आपूर्ति तथा निर्धारित मूल्य पर गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


