जनपद बांदा।
दीपों के पर्व दीपावली के बाद जनपदवासी 26 नवंबर से शहर के पं.जेएन डिग्री कालेज मैदान में पंचदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा रस का अमृत पान कर सकेंगे। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के संयोजन और संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में यहां प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश उपाध्याय जी महराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा की अमृत वर्षा की जाएगी। श्रीमद्भागवत कथा आयोजन की तैयारी को लेकर सोमवार की शाम योजना बैठक करके कार्यक्रम के सफल आयोजन की रूपरेखा पर विचार विमर्श किया गया। आयोजन समिति के प्रमुख संरक्षक अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू ने समूचे जनपदवासियों को कथा रस का पान करने के लिए आमंत्रित किया है। बताया कि कथा का आयोजन भव्य विशाल कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। कलश यात्रा में शामिल होने के लिए महिला-पुरुष श्रद्धालुओं को विशेष आमंत्रण दिया जाएगा। उन्होंने कलश यात्रा में एक रूपता बनाए रखने के लिए पुरुषों को पीला कुर्ता और महिलाओं को पीले रंग की साड़ी धारण करने की नसीहत दी। बता दें कि कथा का आयोजन 8 सितंबर से प्रस्तावित था, लेकिन मौसम की मार और आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालातों को देखते हुए आयोजन को स्थगित कर 26 नवंबर निर्धारित कर दिया गया। बैठक में शामिल श्रद्धालुओं से प्राप्त सुझावों पर गहनता से विचार किया गया और उनके हिसाब से कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। जीतू ने आयोजन को भव्य और दिव्य बनाने के लिए शहरवासियों को आगे आने का आह्वान किया। कहा कि कथा के आयोजन से युवाओं को विशेषरूप से जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि युवाओं में धर्म व संस्कृति के प्रति रुझान बढ़ सके। योजना बैठक में विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, भाजपा जिला उपाध्यक्ष वंदना गुप्ता, पूर्व बार अध्यक्ष राजेश दुबे, इंद्रपाल पटेल, अशोक ओमर, मनोज जैन, संतोष अनशनकारी, चारूचंद्र खरे, डा.अशोक सिंह परिहार, लल्ला बाजपेई, आनंद बाजपेई, पुष्कर द्विवेदी, संजय त्रिवेदी, निखिल सक्सेना, चंद्रमोहन बेदी, धीरेंद्र पांडेय, सचिन चतुर्वेदी, सचिन मिश्रा, रामपाल प्रजापित, राममिलन वर्मा, रजोल मिश्रा, आशुतोष त्रिपाठी, कमलेश गुप्ता, सुरेश गुप्ता समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


