खागा/फतेहपुर
। शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को खागा तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौती फीडर से जुड़े नयापुरवा गांव के ग्रामीणों ने बिजली की समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र देकर समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि उनका गांव कृषि फीडर से जुड़ा हुआ है और बिजली आपूर्ति व्यवस्था लंबे समय से खराब है। गांव में करीब 9 से 10 गूर्रा तार की आवश्यकता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की लिखित सूचना पिछले करीब एक वर्ष से लगातार संबंधित अधिकारियों को दी जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि आगामी दिनों में बच्चों की परीक्षाएं भी हैं, ऐसे में बिजली की समस्या के कारण उन्हें पढ़ाई में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं करीब एक सप्ताह बाद नवरात्रि का पर्व शुरू होने को लेकर भी ग्रामीणों में चिंता है। ग्रामीणों ने मांग की कि नवरात्रि से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि नवरात्रि से पहले विद्युत व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो वे सड़क पर मूर्ति रखकर वाहनों की लाइटों की रोशनी में पूजा करने को मजबूर होंगे।
इस दौरान पप्पू सिंह पटेल, सुनील कुमार, ब्रजेश कुमार, किशनलाल, अमृतलाल, मनोज पाल, हुकुम चन्द्र, जयचन्द्र, सुरेश पटेल, राकेश कुमार सहित करीब आधा सैकड़ा ग्रामीण मौजूद रहे।


