गोपाष्टमी के अवसर पर गौशाला में किया गोपूजन, व्यवस्थाओं को लेकर जताई नाराजगी

जनपद बांदा।

जनपद बाँदा में गोपाष्टमी के पावन पर्व पर बड़ोखर ब्लॉक की ग्राम पंचायत पल्हरी स्थित अस्थाई गौशाला में विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा द्वारा भव्य गोपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना कर उन्हें फल, गुड़ और चना खिलाया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि गौ सेवा हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने गौशाला का निरीक्षण करते हुए भूसा, चारा, पेयजल, छाया, साफ-सफाई एवं पशु चिकित्सा जैसी व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर चिंता जताई। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव को समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर जिला प्रभारी सुरेश कान्हा, अनीता गुप्ता, रविंद्र सिंह, अरुण गुप्ता, अविनाश राय, लोहा सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar