संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने बाग में फांसी लगाकर दी जान, पत्नी समेत दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

 

हथगांव, फतेहपुर।

हथगांव थाना क्षेत्र के छोटी संझिया गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब ससुराल आए एक युवक का शव बाग में नीम के पेड़ से फंदे पर लटकता मिला। मृतक की पहचान सियाराम के रूप में हुई है, जो हुसैनगंज थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव का निवासी था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सियाराम की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व विमला देवी के साथ हुई थी। दंपति के दो बेटे हैं, जिनमें बड़े बेटे का नाम आर्यन और छोटे बेटे का नाम आयुष बताया गया है। युवक की असामयिक मौत से पत्नी विमला देवी और दोनों मासूम बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। आखिर किन परिस्थितियों में युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

अब पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

ब्यूरो रिपोर्ट