जनपद बांदा।
बांदा केन नदी आरती स्थल घाट पर 10 नवंबर को माँ केन की भव्य महाआरती का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से समाजसेवी करीना मौसी किन्नर शामिल हुईं। उन्होंने विधि-विधान से माँ केन की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा नदी तट पर दीपदान कर जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूरा घाट हर-हर गंगे और जय माँ केन के जयकारों से गूंज उठा।
महाआरती के उपरांत जनपद में तेजी से बढ़ रहे झोलाछाप डॉक्टरों के कारोबार को लेकर चर्चा हुई। समाजसेवी करीना मौसी किन्नर ने कहा कि बांदा में जगह-जगह बिना डिग्री और लाइसेंस के क्लीनिक संचालित हो रहे हैं, जहां गरीब मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। गलत इंजेक्शन, दवाओं और इलाज के कारण लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से ऐसे कथित झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अवैध क्लीनिक बंद कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि गरीब मजदूर दिनभर मेहनत करके 200 रुपये कमाता है और इलाज के नाम पर 500 रुपये खर्च कर अपनी जान जोखिम में डालता है। यह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा जरूरतमंदों और गरीबों के साथ खड़ी रहेंगी।
इस मौके पर विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति के जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने भी प्रशासन से झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किनके संरक्षण में ऐसे अवैध क्लीनिक संचालित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समिति और गंगा समग्र इस मुद्दे को जनहित में हर मंच पर उठाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरण किया गया।
Crime 24 Hours / Mitesh Kumar


