भव्य कलश शोभायात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भक्तिमय हुआ वातावरण

जनपद बांदा।

जनपद के कमासिन कस्बे के श्री रामलीला प्रांगण में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं श्रीरामलीला आयोजन का शुभारंभ बुधवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। इस दौरान पूरा कस्बा भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। शोभायात्रा में पीले परिधान धारण किए सुहागिन महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर आओ आओ सुहागिन नारि कलश सिर धारण करो तेरो ललना अमर हो जाए मंगल गीत गायन करती चल रही थीं। वहीं भागवत पुराण को सिर पर धारण कर श्रद्धालुओं ने यात्रा की शोभा बढ़ाई। कथा व्यास शोभन सरकार धाम, कानपुर से पधारे पंडित अजय अवस्थी के सानिध्य में शोभायात्रा निकाली गई। कथा की परीक्षित श्रीमती शिवदुलारी मिश्रा पत्नी स्वर्गीय गंगा प्रसाद मिश्रा एवं ओम प्रकाश मिश्रा व पत्नी श्रीमती राममणि मिश्रा सहित अन्य श्रद्धालुओं ने कस्बे के श्री कामेश्वरनाथ मंदिर, मां कामाख्या देवी मंदिर तथा बजरंगबली मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन किया।

इसके बाद शोभायात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री रामलीला प्रांगण स्थित कथा मंच पहुंची। यहां कलश पूजन के उपरांत कथा व्यास ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देव आवाहन एवं देव पूजन कराया। श्रद्धालुओं ने पुष्प और अक्षत अर्पित कर भागवत महायज्ञ की सफलता की कामना की। इसके बाद भागवत भगवान की आरती की गई। आरती के भजन से पूरा कथा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। कथा आयोजन में पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख अरविन्द किशोर मिश्रा, उत्तर प्रदेश पुलिस निरीक्षक लखन लाल मिश्रा के साथ श्याम किशोर मिश्रा, राजा मिश्रा एवं जेपी मिश्रा ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग किया।

कथा के प्रथम दिन कथा व्यास पंडित अजय अवस्थी ने श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए भागवत कथा के महात्म पर चर्चा करते हुए श्रोता भक्तों को बताया कि भागवत कथा का श्रवण करने से मनुष्य के जीवन के पापों का क्षय होता है और उसे मुक्ति का मार्ग प्राप्त होता है। यह एक अमर ग्रंथ है, जो मानव मात्र में सद्भावना और भक्ति की भावना जागृत करता है। भागवत के ज्ञान से मनुष्य के पाप मिटते हैं और उसे प्रभु के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है श्रद्धा एवं विश्वास के साथ भागवत कथा का श्रवण करने से मानव जीवन में आध्यात्मिक शांति के साथ-साथ मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। आरती के उपरांत प्रसाद वितरण के साथ प्रथम दिन की कथा का विश्राम हुआ।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar