500 छात्राओं ने ली कृमि मुक्ति की दवा, स्वस्थ रहने का दिया संदेश

जनपद बांदा।

बांदा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (NDD) के अवसर पर सोमवार को सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, केन पथ, बांदा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेन्द्र सिंह ने किया। अभियान के तहत विद्यालय की करीब 500 छात्राओं को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। इस अवसर पर अर्चना भारती ने छात्राओं को एल्बेंडाजोल के सेवन के महत्व एवं लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास को प्रभावित कर सकता है। इससे बचाव के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली कृमि नाशक दवा का सेवन आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को बिना किसी संकोच के दवा लेने तथा अपने आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेन्द्र सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने छात्राओं से व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। कार्यक्रम में विजय केसरवानी, आर.एन. प्रसाद, अजय, कौशल यादव, वीरेन्द्र प्रताप, पी.सी. पाल, उपासना खरे, मनीष मिश्रा एवं सत्येंद्र शुक्ला उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या अमिता सिंह के साथ समस्त आचार्य एवं आचार्याओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं कृमि संक्रमण से बचाव को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। अभियान को सफल बनाने में विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar