उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड एवं खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की प्रदर्शनी में उमड़ रही भारी भीड़

जनपद बांदा।

जनपद बांदा में उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड एवं खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित माटी कला एवं खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी 2026 में प्रतिदिन भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। प्रदर्शनी में माटी कला एवं खादी ग्रामोद्योग से जुड़े विभिन्न उत्पादों के स्टॉल एवं दुकानों पर जनपदवासियों द्वारा खूब खरीदारी की जा रही है। विशेष रूप से दीपावली पर्व को देखते हुए मिट्टी से निर्मित दीपक, सजावटी सामग्री एवं अन्य पारंपरिक उत्पादों के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। दीपावली के अवसर पर बच्चों एवं परिवारों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शनी स्थल पर छोटे-छोटे झूलों की व्यवस्था भी की गई है, जिससे मेले का आकर्षण और बढ़ गया है। बच्चे एवं परिवारजन खरीदारी के साथ-साथ मनोरंजन का भी भरपूर आनंद उठा रहे हैं।

प्रदर्शनी के अंतर्गत कल आयोजित गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार सान्वी द्विवेदी, द्वितीय पुरस्कार अटल आवासीय विद्यालय के बच्चों के समूह तथा तृतीय पुरस्कार वैष्णवी गर्ग को प्रदान किया गया। कार्यक्रम में नटराज संस्थान के धनंजय सिंह जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन दीनदयाल सोनी जी द्वारा किया गया।

प्रदर्शनी में प्रतिदिन आयोजित किए जा रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने एवं उनका आनंद लेने के लिए भी बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं। स्थानीय कलाकारों एवं प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ यह प्रदर्शनी स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उद्यमियों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।

उल्लेखनीय है कि यह दस दिवसीय प्रदर्शनी दिनांक 10 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर माटी कला एवं खादी ग्रामोद्योग के स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करें तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं मेले का आनंद उठाकर स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों का उत्साहवर्धन करें।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट