जनपद बांदा।
बांदा के कमासिन में स्थानीय विकासखंड की ग्राम पंचायत बीरा में आर्थिक तंगी के चलते आग में झुलसी एक महिला का पिछले नौ माह से समुचित इलाज नहीं हो पा रहा है। पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर महिला का उपचार कराने की गुहार लगाई है। बीरा गांव निवासी इंद्र प्रसाद वर्मा की पत्नी देवा देवी (34) गत दिसंबर माह में प्रसव के बाद ठंड से बचने के लिए आग तापते समय गंभीर रूप से झुलस गई थीं। हादसे के बाद परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार उनका उपचार कराया, लेकिन आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण आगे का इलाज नहीं हो सका। परिजनों के मुताबिक, उपचार के अभाव में महिला पिछले कई महीनों से चारपाई पर पड़ी हैं और दर्द झेल रही हैं।
पति इंद्र प्रसाद वर्मा ने बताया कि वह पहले परदेश में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पास न तो रहने के लिए घर है और न ही जमीन है। मजदूरी के अलावा आय का कोई अन्य साधन भी नहीं है।पत्नी की हालत और छोटे बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी के चलते वह बाहर जाकर मजदूरी भी नहीं कर पा रहा है। इससे परिवार के सामने आर्थिक संकट और गहरा गया है। इंद्र प्रसाद ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण पत्नी का समुचित इलाज कराना उसके लिए संभव नहीं हो पा रहा है। उसने शासन- प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से मदद की गुहार लगाई है।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


