तीन साल से बंद पड़ा करोड़ों का फिल्टर प्लांट, बंबेश्वर पहाड़ की पानी टंकी की दो मोटर चोरी; सुरक्षा व्यवस्था भी भगवान भरोसे: महेश

जनपद बांदा।

बांदा शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बंबेश्वर पहाड़ स्थित पानी की टंकी पर करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित फिल्टर प्लांट पिछले करीब तीन वर्षों से चालू नहीं हो सका है। निर्माण के बाद जल निगम द्वारा इसे जल संस्थान को हस्तांतरित कर दिया गया था, लेकिन अब तक इसका संचालन शुरू न होने से परियोजना की उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, पानी की टंकी की दो मोटरों की चोरी और परिसर की बदहाल सुरक्षा व्यवस्था ने विभागीय निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहरवासियों को आपूर्ति किए जा रहे पानी की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई घरों में बदबूदार और मटमैला पानी पहुंच रहा है। ऐसे में फिल्टर प्लांट का बंद रहना जनस्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय बन गया है।

मंगलवार को गंगा समग्र के जिला संयोजक महेश कुमार प्रजापति ने अपनी टीम के साथ बंबेश्वर पहाड़ स्थित फिल्टर प्लांट और पानी की टंकी का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में कई खामियां सामने आने का दावा किया गया। निरीक्षण में प्लांट की मशीनें लंबे समय से बंद पड़ी मिलीं, जबकि कुछ निर्माण कार्य भी अधूरे बताए गए। परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली।

दो मोटर चोरी, टूटी चारदीवारी से परिसर में प्रवेश का आरोप:

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पानी की टंकी की दो मोटर चोरी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक उनके स्थान पर नई मोटर नहीं लगाई गई हैं। परिसर में सीसीटीवी कैमरों और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव है। इसके अलावा स्थायी सुरक्षा गार्ड की भी व्यवस्था नहीं है। आरोप है कि टंकी की चारदीवारी कई स्थानों से टूटी हुई है, जिसके कारण बाहरी लोगों का परिसर में बेरोकटोक आना-जाना बना रहता है।

महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार पेयजल परियोजना का तीन वर्षों तक चालू न होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पानी की टंकी की दो मोटर चोरी हो गईं और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी कमजोर है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी है? उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की लापरवाही से पेयजल की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।

अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल:

महेश कुमार प्रजापति ने जल संस्थान के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर सरकार जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर विभागीय लापरवाही के चलते महत्वपूर्ण परियोजनाएं अनुपयोगी पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की छवि भी प्रभावित होती है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

छह सूत्रीय मांगों को लेकर उठाई आवाज:

गंगा समग्र के जिला संयोजक ने प्रशासन से मांग की कि फिल्टर प्लांट के तीन वर्षों से बंद रहने के कारणों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा परियोजना पर खर्च हुई धनराशि का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए। चोरी हुई दोनों मोटरों के मामले में एफआईआर दर्ज कराकर जांच कराई जाए। साथ ही परिसर की टूटी चारदीवारी की तत्काल मरम्मत, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और स्थायी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जल संस्थान के जिम्मेदार अधिकारियों और प्रबंधक की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने पर निलंबन सहित कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा फिल्टर प्लांट को शीघ्र चालू कर शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।

महेश कुमार प्रजापति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो गंगा समग्र की टीम जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस पूरे प्रकरण को जनता के सामने लाया जाएगा।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट