जनपद बांदा।
सामाजिक महिला उत्थान एवं जनहित के मुद्दों पर संघर्ष के लिए जनता दल (यू) उत्तर प्रदेश की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल को छत्रपति शिवाजी महाराज एवं सरदार वल्लभभाई पटेल भारत गौरव सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। सोमवार शाम नई दिल्ली के राजेंद्र भवन, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर आयोजित समारोह में कार्यक्रम की आयोजक डॉ. राजश्री वर्मा ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जेडीयू के उत्तर प्रदेश प्रभारी आदरणीय श्रवण कुमार जी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में पूर्व मंत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल, अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कटियार, कुर्मी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरेंद्र मोहन कटियार, कुर्मी धाम समिति के अध्यक्ष अजय वर्मा तथा माँ भारती कुलगुरु सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मान प्राप्त करने के बाद शालिनी सिंह पटेल ने इस उपलब्धि को अपनी माँ, भाइयों, अपने गृह जनपद के लोगों, जेडीयू की पूरी टीम और पत्रकार साथियों को समर्पित किया। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी तथा बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री और उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार जी के प्रति भी आभार व्यक्त किया। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम है, जिन्होंने हर संघर्ष और हर परिस्थिति में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि अपनी माँ के आशीर्वाद, भाइयों के सहयोग, पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व, कार्यकर्ताओं, पत्रकार साथियों और जनपदवासियों के समर्थन की बदौलत आज उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है। उन्होंने इस सम्मान को सभी शुभचिंतकों और सहयोगियों को समर्पित करते हुए भविष्य में भी महिला उत्थान, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। साथ ही कार्यक्रम की आयोजक डॉ. राजश्री वर्मा एवं समस्त आयोजक मंडल का हृदय से आभार व्यक्त किया।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


