श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भावविभोर हुए श्रद्धालु, बाल लीलाओं के वर्णन से गूंजा कथा पंडाल

जनपद बांदा।

जनपद के कमासिन कस्बे में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कथा व्यास पंडित अजय अवस्थी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग एवं उनकी मनोहारी बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा पंडाल में भक्ति और उल्लास की अनूठी छटा देखने को मिली। कथा व्यास ने कहा कि जब पृथ्वी पर धर्म का ह्रास होने लगता है और अधर्म अपनी चरम सीमा पर पहुंच जाता है, तब धर्म की स्थापना तथा दुष्टों के विनाश के लिए भगवान विष्णु विभिन्न रूपों में अवतार लेते हैं। उन्होंने मथुरा के अत्याचारी राजा कंस के आतंक का वर्णन करते हुए बताया कि कंस ने अपनी बहन देवकी और बहनोई वसुदेव को कारागार में बंद कर दिया था। उसने देवकी की सात संतानों को जन्म लेते ही निर्दयतापूर्वक मार डाला। इसके बाद आठवें पुत्र के रूप में भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लेकर अत्याचार के अंत और धर्म की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया।

इसके बाद कथा व्यास ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी, गोपियों के साथ मनोहारी प्रसंगों और उनकी अद्भुत लीलाओं का ऐसा सजीव वर्णन किया कि श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर कथा का रसपान करते रहे। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल श्रवण का माध्यम नहीं, बल्कि मानव जीवन को सद्मार्ग पर ले जाने वाली आध्यात्मिक साधना है। जो श्रद्धालु सच्चे मन और श्रद्धाभाव से भागवत कथा का श्रवण एवं रसपान करता है, उसे भगवान की कृपा प्राप्त होती है और वह परम गति की ओर अग्रसर होता है।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar