जनपद बांदा।
बांदा में शनिवार को कस्बा कमासिन की प्रमुख सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीण पत्रकार संगठन कमासिन इकाई द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल को ज्ञापन सौंपकर जनहित में शीघ्र सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि कस्बे की जीवनरेखा मानी जाने वाली सड़क बस्ती के मध्य से होकर दांदो रोड में मिलती है। जो लंबे समय से जर्जर है इस मार्ग पर जगह- जगह गड्ढे होने के कारण राहगीरों, व्यापारियों, ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन-रात इस मार्ग पर लोगों का आवागमन बना रहता है, इसलिए इसका शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाना जनहित में आवश्यक है।

ज्ञापन लेने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल ने पत्रकारों को आश्वासन दिया कि इस सड़क के निर्माण की आवश्यकता के संबंध में उन्हें समाचार पत्रों, जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जानकारी मिलती रही है। उन्होंने सड़क का निर्माण कराए जाने के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान पत्रकारों ने कमासिन-दांदो तिराहा से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तक लोक निर्माण विभाग की गड्ढायुक्त सड़क का मुद्दा भी उठाया। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने लोक निर्माण विभाग बांदा के अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर सड़क का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए। ग्रामीण पत्रकार संगठन ने दोनों सड़कों के शीघ्र निर्माण की उम्मीद जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


