राम और कृष्ण एक ही तत्व, प्रभु की लीलाओं को सियासी विवाद न बनाएं : इंद्रेश जी महाराज

जनपद बांदा।

संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में पं. जेएन कॉलेज मैदान में आयोजित पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा के तीसरे दिन शनिवार को श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा। करीब 25 से 30 हजार भक्तों की मौजूदगी में पूज्य इंद्रेश जी महाराज ने संत सूरदास जी के पावन चरित्र का वर्णन किया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी कथा पंडाल पहुंचे और व्यास पीठ को प्रणाम कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महाराज जी ने राम-कृष्ण की लीलाओं को लेकर होने वाले विवादों पर चिंता जताते हुए कहा कि श्रीराम और श्रीकृष्ण दो नहीं, एक ही तत्व हैं। दोनों की लीलाओं का स्वरूप अलग हो सकता है, लेकिन सियासी स्वार्थ के लिए प्रभु की लीलाओं को विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है। उन्होंने सूरदास जी के पदों और भक्ति की महिमा बताते हुए कहा कि सांसारिक सुंदरता से आंखें तभी तृप्त होती हैं, जब प्रभु के दर्शन हो जाएं।

संत सूरदास और गोस्वामी तुलसीदास की मित्रता का रोचक प्रसंग सुनाते हुए महाराज जी ने बताया कि दोनों संतों के बीच अपने आराध्य को लेकर प्रेमपूर्ण नोकझोंक हुई। तराजू पर तुलने के प्रसंग के माध्यम से उन्होंने समझाया कि राम और कृष्ण में कोई भेद नहीं, दोनों एक ही परम तत्व हैं। कथा के दौरान सूरदास जी के भावपूर्ण पदों का गायन हुआ, जिस पर श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में किसी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि अखिलेश यादव चाहें तो सैफई में कथा करा सकते हैं, लेकिन किसी धार्मिक आयोजन में बाधा डालने की अनुमति नहीं होगी। महाराज जी ने आगामी 11 से 17 जनवरी तक चित्रकूट धाम में आयोजित होने वाले राम-जानकी विवाह एवं गिरधर लाल जी के वार्षिक उत्सव का निमंत्रण भी दिया। कथा में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, एमएलसी बाबूलाल तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट