जनपद बांदा।
ऐतिहासिक और पौराणिक कालिंजर दुर्ग में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को भव्य और ऐतिहासिक मेले का आयोजन हुआ। जिसमें आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा उत्तर प्रदेश के दूर दराज के जनपदों और पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु भगवान नीलकंठेश्वर के दर्शन और दुर्ग के पवित्र सरोवरों में स्नान के लिए पहुंचे मेले में शामिल होने के लिए सोमवार शाम पांच बजे से ही श्रद्धालुओं के दुर्ग की ओर बढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया था जो पूरी रात अनवरत जारी रहा। मंगलवार सुबह सूर्योदय के साथ ही पूरा दुर्ग परिसर भक्तों की अपार भीड़ से पट गया और चारों ओर हर हर महादेव तथा बम बम भोले के जयकारे गूंजने लगे जिससे संपूर्ण वातावरण शिवमय हो गया। ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं ने दुर्ग स्थित पवित्र स्वर्गारोहण कुंड में आस्था की डुबकी लगानी शुरू कर दी। कुंड में स्नान के पश्चात भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान नीलकंठेश्वर का जलाभिषेक एवं विधिवत दर्शन पूजन कर अपने परिवार की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए स्वर्गारोहण कुंड के साथ साथ दुर्ग के अन्य प्राचीन व पवित्र सरोवरों कोटि तालाब बुद्ध बुद्धा तालाब और राम कटोरा तालाब पर भी स्नान करने वालों का सुबह से दोपहर तक तांता लगा रहा। इस ऐतिहासिक मेले की जड़ें चंदेलकालीन गौरवशाली परंपरा से जुड़ी हुई हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान नीलकंठ के पुत्र कार्तिकेय के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सदियों से कार्तिक पूर्णिमा के दिन कालिंजर दुर्ग में यह विशाल मेला लगता आ रहा है।अपनी प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए आज भी आसपास के जिलों सहित दूर दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ इस उत्सव में शामिल होने पहुंचते हैं। मंदिर में दर्शन पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मेला परिसर में सजी पारंपरिक दुकानों से घरेलू सामान खिलौनों और प्रसाद की जमकर खरीदारी की वहीं बच्चों और युवाओं ने झूलों व अन्य मनोरंजक आकर्षणों का भरपूर आनंद उठाया। मेले में उमड़ने वाली संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने यातायात व सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। जाम की स्थिति से बचने के लिए बघेलावाड़ी मार्ग पर बैरियर लगाकर वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया। इसके अतिरिक्त नरैनी मार्ग और पन्ना मार्ग पर भी बैरियर लगाकर भारी वाहनों व चार पहिया वाहनों को मेला परिसर की ओर प्रवेश नहीं दिया गया जिससे पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सहूलियत मिली। सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र के चप्पे चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सिविल पुलिस के जवान लगातार भीड़ के बीच गश्त करते रहे वहीं किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी पूरे मेले की निरंतर निगरानी की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य रक्षा के लिए मेला परिसर में बांदा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय की ओर से निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में तैनात चिकित्सक डॉ. आरबी मिश्रा और डॉ. साधना पटेल ने बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाएं वितरित कीं। इसके साथ ही मेले की भीड़ में अपनों से बिछड़ने वालों की मदद के लिए प्रशासन द्वारा खोया पाया केंद्र भी स्थापित किया गया था। मेले के दौरान भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़े कई बच्चों और बुजुर्गों को केंद्र पर लाया गया जहां उचित पहचान व सत्यापन के बाद उन्हें सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। देर शाम तक मेले में श्रद्धालुओं के आने जाने दर्शन पूजन और खरीदारी का दौर पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


