जनपद बांदा।
जनपद की बदहाल व्यवस्थाओं, प्रशासनिक लापरवाही और जनहित से जुड़े विभिन्न गंभीर मुद्दों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन की उदासीनता के चलते छात्र, किसान, मरीज और आम नागरिक तमाम समस्याओं से जूझ रहे हैं। वक्ताओं ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, अवैध खनन, सड़क और अधूरे विकास कार्यों को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
प्रेस वार्ता में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया कि वहां अव्यवस्थाओं और चिकित्सकों की मनमानी के चलते गरीब मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वक्ताओं का आरोप था कि बिना पैसे दिए गरीबों के ऑपरेशन तक नहीं किए जाते। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में नवजात मृत शिशु के शव को आवारा कुत्तों द्वारा उठाकर नोचने की कथित घटना को बेहद गंभीर और शर्मनाक बताते हुए इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की घोर लापरवाही करार दिया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए वक्ताओं ने कहा कि राजकीय महिला महाविद्यालय में बीएससी की कक्षाएं संचालित होने के बावजूद शिक्षकों का अभाव है, जिससे छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, जनपद में सैकड़ों विद्यालय बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे बीटीसी, डीएलएड और बीएड प्रशिक्षित हजारों युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि सरकार को शिक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
किसानों की समस्याओं को उठाते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली सरकार आज उन्हें पर्याप्त खाद और बीज तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। इसके साथ ही पूरे जनपद में लो-वोल्टेज की समस्या के कारण किसानों के निजी नलकूप नहीं चल पा रहे हैं, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और खेती-किसानी पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। अवैध खनन के मुद्दे पर वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जनपद की नदियों में नियमों को ताक पर रखकर खनन किया जा रहा है तथा नदियों की जलधारा को रोककर प्राकृतिक संसाधनों का दोहन हो रहा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन की कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराने की मांग की। वहीं, जनपद की बदहाल सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से आम जनता को आवागमन में परेशानी हो रही है। ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
विकास कार्यों को लेकर भी सरकार को घेरते हुए वक्ताओं ने कहा कि डबल इंजन की सरकार पिछले दस वर्षों में भी रिंग रोड पर दुरेड़ी और राजघाट के बीच प्रस्तावित पुल का निर्माण पूरा नहीं करा सकी है। इसके चलते क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।
प्रेस वार्ता के माध्यम से वक्ताओं ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि जनपद की इन समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लिया जाए। मेडिकल कॉलेज में हुई कथित घटना और अवैध खनन के मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क और कृषि से जुड़ी बुनियादी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समय रहते निराकरण नहीं किया गया तो जनहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


