राजकीय शिक्षक संघ ने वेद प्रकाश त्रिपाठी को बनाया चित्रकूटधाम मंडल का मंडलीय अध्यक्ष

जनपद बांदा।

राजकीय शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा शिक्षकों की समस्याओं के प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से वरिष्ठ शिक्षक वेद प्रकाश त्रिपाठी को चित्रकूटधाम मंडल का मंडलीय अध्यक्ष मनोनीत किया है। उनके मनोनयन से मंडल के शिक्षकों में हर्ष का माहौल है और शिक्षक हितों के लिए संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वेद प्रकाश त्रिपाठी लंबे समय से शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं, पदोन्नति, वेतन विसंगतियों तथा अन्य लंबित प्रकरणों के समाधान के लिए उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए संगठन को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में चित्रकूटधाम मंडल में संगठनात्मक गतिविधियाँ और अधिक प्रभावी होंगी तथा शिक्षकों की समस्याओं को उच्च स्तर तक मजबूती से पहुँचाया जा सकेगा। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि वेद प्रकाश त्रिपाठी अपने नवीन दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे। साथ ही मंडल के शिक्षकों को एकजुट कर उनके अधिकारों की रक्षा, समस्याओं के निराकरण और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। इस अवसर पर संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष सत्यशंकर मिश्र, प्रांतीय महामंत्री अरुण यादव, प्रांतीय संरक्षक रामेश्वर प्रसाद पाण्डेय, प्रांतीय संरक्षिका छाया शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारियों एवं शिक्षक साथियों ने वेद प्रकाश त्रिपाठी को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। वेद प्रकाश त्रिपाठी ने जताया आभार मनोनीत मंडलीय अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सदैव महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके सम्मान, अधिकारों एवं सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ शिक्षकों के हितों के लिए कार्य करेंगे और संगठन को मंडल स्तर पर अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षकों की जायज माँगों को एकजुट होकर उठाना, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से संवाद स्थापित करना तथा संगठन की एकता को मजबूत करना उनके प्रमुख उद्देश्यों में शामिल रहेगा। वेद प्रकाश त्रिपाठी के मंडलीय अध्यक्ष मनोनीत होने पर शिक्षक साथियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में शिक्षक हितों की आवाज और अधिक मजबूती से उठेगी तथा संगठन नई उपलब्धियाँ हासिल करेगा।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट