महाअष्टमी पर निकले मां सिंहवाहिनी के जवारे, जयकारों से गूंजा बीरा गांव

जनपद बांदा।

बांदा में 19 अक्टूबर शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर थाना कमासिन क्षेत्र के ग्राम बीरा में मां सिंहवाहिनी के जवारे श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ निकाले गए। श्याम यादव पंडा बाबा की चौरी से विधिवत पूजन-अर्चन के बाद जवारे की शुरुआत हुई। इसके बाद मां का दीवाला पूरे गांव में भ्रमण करते हुए घर-घर पहुंचा। कालका पंडा की अगुवाई में श्रद्धालु और जवारा प्रेमी मां के बाने लेकर भक्ति में सराबोर नजर आए। जवारा गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए गांव की गलियों से गुजरे। जगह-जगह लोगों ने मां के दीवाले का स्वागत किया और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। गांव के विभिन्न देवस्थलों पर भी मां का दीवाला पहुंचाया गया। इस दौरान ‘जय मां सिंहवाहिनी’ के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा। विशेष आकर्षण छोटे-छोटे बच्चों का उत्साह रहा, जिन्होंने भी मां के बाने लेकर शोभायात्रा में भाग लिया। श्रद्धालुओं की भक्ति और पारंपरिक जवारा गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कालका पंडा ने बताया कि मां के जवारे की यह परंपरा पूर्वजों के समय से चली आ रही है। महाअष्टमी के दिन मां के दीवाले को पूरे गांव के सभी देवस्थलों और घरों तक ले जाने की परंपरा है। मान्यता है कि मां का दीवाला गांव में सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद लेकर आता है तथा गांव की सभी विपत्तियां और बलाएं मां के खप्पर के साथ गांव की सीमा से बाहर चली जाती हैं। जवारे के समापन पर श्रद्धालुओं ने मां सिंहवाहिनी से समस्त ग्रामवासियों के सुख, शांति, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर जितेन्द्र यादव, सुरिजभान यादव, बुधराज पजापति सहित काफी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं पुरुष, मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट