जनपद बांदा।
बांदा जनपद के थाना कमासिन पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पुर्जे अलग करने और पहचान मिटाकर बेचने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की बाइकों के कटे हुए विभिन्न पुर्जे भी बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कमासिन पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, 11/12 अक्टूबर की रात हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के दौरान अहम जानकारी सामने आई थी। पूछताछ में पता चला कि चोरी की मोटरसाइकिलों को कमासिन कस्बे की एक मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर लाया जाता था, जहां उन्हें काटकर अलग-अलग पुर्जों में बदल दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, बाइक की पहचान छिपाने के लिए ग्राइंडर की मदद से इंजन और चेसिस नंबर मिटा दिए जाते थे। इसके बाद मोटरसाइकिल के अलग-अलग हिस्सों को अलग कर बेच दिया जाता था। जांच के दौरान पुलिस ने कथित मैकेनिक की पहचान की और मुखबिर की सूचना पर उसकी दुकान से अमित पुत्र पप्पू निवासी कस्बा कमासिन को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी की बाइकों के पुर्जे बरामद:
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो टायर, बैटरी, कार्बोरेटर, फिल्टर, टूल बॉक्स, मडगार्ड, किक, वायरिंग, गियर लीवर, कटी हुई नंबर प्लेट, फ्यूल मीटर तथा इंजन के नट-बोल्ट समेत मोटरसाइकिलों के कई पुर्जे बरामद किए हैं। इस मामले में थाना कमासिन में मु0अ0सं0 267/26, धारा 317(2)/317(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष ओझा, उपनिरीक्षक मनीष कुमार शर्मा और हेड कांस्टेबल सत्येन्द्र कुमार शामिल रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


