जनपद बांदा।
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने और समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने पर दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार शाम आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई गई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक जनपद के सभी मतदेय स्थलों एवं पदाभिहित स्थलों पर बीएलओ द्वारा दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं।
अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए 24 नवंबर को शाम सात बजे महर्षि बामदेव सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें तिंदवारी, बबेरू, नरैनी और बांदा विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी तथा खंड शिक्षा अधिकारी स्तर के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में निर्देश दिए गए कि ईआरओ और एईआरओ प्रतिदिन बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के कार्यों की समीक्षा करें। सुपरवाइजरवार समीक्षा कर अधिक से अधिक प्रारूप-6 प्राप्त करने तथा उन्हें तत्काल ईआरओ नेट पर फीड कराने पर जोर दिया गया, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जा सकें।
समीक्षा बैठक में एईआरओ 233-बबेरू एवं खंड विकास अधिकारी कमासिन अमरेश सिंह चौहान तथा खंड विकास अधिकारी बिसंडा राजेश कुमार अनुपस्थित रहे। अधिकारियों को फोन से बैठक की जानकारी दी गई थी। अमरेश सिंह चौहान ने फोन पर 30-40 मिनट में पहुंचने का आश्वासन दिया, लेकिन रात नौ बजे तक बैठक में उपस्थित नहीं हुए। अधिकारियों की अनुपस्थिति को निर्वाचन कार्य के प्रति गंभीरता की कमी मानते हुए तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निर्वाचन संबंधी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने तथा आयोग द्वारा निर्धारित दैनिक लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


