मां केन की महाआरती में गूंजा हर-हर गंगे, टाइगर श्रॉफ पर हमले की निंदा

जनपद बांदा।

बांदा के भूरागढ़ स्थित केन नदी घाट पर गंगा समग्र कानपुर प्रांत एवं विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति, जिला बांदा के संयुक्त तत्वावधान में मां केन की भव्य महाआरती श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित की गई। महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर दीपदान किया और मां केन का पूजन-अर्चन कर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। महाआरती के दौरान पूरा घाट “हर-हर गंगे, जय मां केन” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने गंगा-यमुना सहित नदियों की पवित्रता बनाए रखने, गोवंश की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

महाआरती के बाद मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुए गोलीकांड को लेकर श्रद्धालुओं ने आक्रोश जताया। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर घटना की कड़ी निंदा की गई। सूत्रों की जानकारी के मुताबिक 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू क्षेत्र में टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार हमलावरों ने गोलीबारी की थी। हमले में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए, जबकि उनके चालक और एक राहगीर घायल हुए थे। मामले में मुंबई पुलिस ने अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 27 अक्टूबर को सभी आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) की धाराएं भी लगाई गई हैं।

अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की मांग:

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गंगा समग्र के जिला संयोजक एवं विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि मां केन की महाआरती पूरे मनोयोग से की गई है। मां केन क्षेत्र की जीवनदायिनी हैं और सभी श्रद्धालुओं ने जनपद की खुशहाली एवं समृद्धि की प्रार्थना की है। उन्होंने टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि देश के युवा कलाकार पर इस तरह हमला किया जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने केंद्र और महाराष्ट्र सरकार से हमले में शामिल आरोपियों और उनके पीछे मौजूद लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।ताकि कलाकारों और आम नागरिकों में भय का माहौल न बने। महेंश प्रजापति ने कहा कि मां केन के पवित्र तट से सभी श्रद्धालु टाइगर श्रॉफ के शीघ्र स्वस्थ होने और दीर्घायु होने की कामना करते हैं। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar